उदयपुर। लघु उद्योगों के विकास को प्रोत्साहित करने, स्थानीय कारीगरों, विशेषकर नि:शक्त शिल्पकारों और महिलाओं के लिए नए अवसर तलाशने और संगठन के स्थाई भवन की आकांक्षा बाबत लघु उद्योग भारती की उदयपुर इकाई द्वारा चार दिवसीय 11वां इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2025 का आयोजन आगामी 10 से 13 जनवरी 2025 तक उदयपुर के डीपीएस के मैदान में किया जाएगा। जिसमें देशभर के लगभग 400 उद्योग जगत से जुड़े विशेषज्ञ, उद्यमी और युवा उत्साही अपने प्रोडक्ट और सेवाओं का प्रजेंटेशन करेंगे।
आयोजन का उद्घाटन प्रदेश की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी के सान्निध्य में होगा, जबकि समापन समारोह में राज्य के उद्योग मंत्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ शिरकत करेंगे।
लघु उद्योग भारती उदयपुर अध्यक्ष मनोज जोशी ने बताया कि उदयपुर में आयोजित यह फेयर न केवल शहर की पहचान को मजबूत करेगा, बल्कि स्थानीय उद्योगों और नव उद्यमियों को प्रोत्साहित कर उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। फेयर में 400 में से 395 स्टॉल्स लघु उद्योग भारती के सदस्यों की हैं।
महिलाओं और शिल्पकारों के लिए विशेष छूट
लघु उद्योग भारती की ग्राम शिल्प योजना के तहत नि:शक्त शिल्पकारों और महिलाओं को नि:शुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए जाएंगे। अन्य महिलाओं के लिए स्टॉल शुल्क में 30 प्रतिशत छूट दी जा रही है। बाहर से आने वाली महिलाओं के लिए आवास की नि:शुल्क व्यवस्था रहेगी, ताकि वे इस आयोजन का अधिकतम लाभ उठा सकें।
विशेषज्ञ सत्र और मार्गदर्शन
फेयर के दौरान हर दिन अलग-अलग विषयों पर विशेषज्ञ सत्र होंगे। इन सत्रों में कॅरियर, जॉब, स्किल डवलपमेंट और स्वावलंबन पर गहन चर्चा होगी। इसके अलावा, बैंकों द्वारा लोन से जुड़ी योजनाओं और प्रक्रियाओं के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
युवाओं के लिए अवसर
इस आयोजन का उद्देश्य न केवल उद्योगों को बढ़ावा देना है, बल्कि युवाओं को रोजगार और स्वावलंबन की दिशा में प्रेरित करना भी है। फेयर के बाद भी लघु उद्योग भारती द्वारा युवाओं को मार्गदर्शन देने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
सभी के लिए मंच
फेयर उद्यमियों, निवेशकों, छोटे व्यवसायियों और कारीगरों के लिए एक ऐसा मंच होगा, जहां वे अपने उत्पादों और सेवाओं को प्रदर्शित कर सकेंगे। यह आयोजन स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर पर उद्योगों को नए अवसर प्रदान करने का प्रयास करेगा।
कार्यकर्ता की पहचान कार्य से: ओझा
आईआईएफ 2025 के लिए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन
लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भूमि पूजन हुआ।
भूमि पूजन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक हेमेंद्र श्रीमाली, महानगर संघचालक गोविंद अग्रवाल, आईआईएफ 2025 मेला पालक राकेश वर्डिया, लघु उद्योग भारती प्रदेश महामंत्री योगेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष रीना राठौड़, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य पिंकी मांडावत, रजनी डांगी, महेंद्र मांडावत, कमलेश शर्मा, नलिन जैन, अभिजीत शर्मा, यजमान मेला प्रायोजक वंडर पेंट्स के मनीष एवं ज्योति गन्ना उपस्थित रहे।
कार्यक्रम व बैठक के दौरान उदयपुर लघु उद्योग भारती उदयपुर की सभी छह इकाई अध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य व उद्यमी उपस्थित रहे।






