उदयपुर। गुजरात पर्यटन द्वारा पहली बार उदयपुर में ‘वाइब्रेंट गुजरात प्री-नवरात्रि फेस्टिवल’ 14 सितंबर को फील्ड क्लब में किया जा रहा है, जिसमें स्थानीय लोगों व पर्यटकों को पारंपरिक गरबा, गुजराती कला, हस्तशिल्प और व्यंजन के साथ गुजरात की सांस्कृतिक विरासत का अनूठा अनुभव मिलेगा।
गुजरात टूरिजम के जनरल मैनेजर चेतन मिसल, गुजरात टूरिजम के असिस्टेंट जनरल मैनेजर हरेन्द्र सिंह डाबी और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उदयपुर के उपनिदेशक गौरीकांत शर्मा एवं वीरेंद्र कुमार ने बताया कि इस उत्सव में सभी के लिए निःशुल्क प्रवेश, गरबा प्रतियोगिता, वर्कशॉप और सांस्कृतिक गतिविधियाँ रखी गई हैं। गरबा प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों (महिला, पुरुष, बालक) के लिए विजेता को पाँच हजार रुपये के गिफ्ट वाउचर सहित सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन में केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह, अप मुख्यमंत्री दिया कुमारी भी उपस्थित रहेंगे। राजस्थान और गुजरात के गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति के साथ यह कार्यक्रम दोनों राज्यों की सांस्कृतिक एकता और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगा, जहाँ प्रतिभागी गरबा नृत्य के साथ गुजराती संगीत व व्यंजन का भी आनंद ले सकेंगे। अंत में गौरीकांत शर्मा ने सभी पत्रकारों का धन्यवाद किया।








