April 29, 2026 9:36 pm

Search
Close this search box.

उदयपुर में क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला “वार्तालाप” का आयोजन

👤 Mewar Express News
August 22, 2025

उदयपुर। सूचना और प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय, जयपुर की ओर से आज सुबह उदयपुर में क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला “वार्तालाप” का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यशाला होटल जस्टा सत्व रिज़ॉर्ट, सविना में होगी। कार्यक्रम का उद्देश्य जिला स्तर पर कार्यरत पत्रकारों को केंद्र सरकार की योजनाओं और समसामयिक विषयों की विस्तृत जानकारी देकर उन्हें लोगों को जागरूक करने के लिए सशक्त बनाना है।

मुख्य अतिथि के रूप में जनजातीय क्षेत्रीय विकास विभाग के मंत्री बाबूलाल खराड़ी उपस्थित रहेंगे, जबकि उदयपुर शहर के विधायक ताराचंद जैन और उदयपुर ग्रामीण के विधायक फूलसिंह मीणा विशिष्ट अतिथि होंगे। कार्यशाला में कई तकनीकी सत्र रखे गए हैं, जिनमें प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना पर अतिरिक्त पीएफ आयुक्त अजित कुमार जानकारी देंगे। वहीं, भारतीय मानक ब्यूरो की प्रमुख कनिका कालिया उपभोक्ता संरक्षण में भारतीय मानकों की भूमिका पर प्रकाश डालेंगी।

इसके अलावा बैंक ऑफ बड़ौदा जयपुर के महाप्रबंधक एवं राज्य स्तरीय बैंकर समिति के संयोजक राजकुमार मीणा, जनजातीय क्षेत्रीय विकास विभाग उदयपुर के अधिकारी तथा पत्र सूचना कार्यालय की अपर महानिदेशक ऋतु शुक्ला भी संबोधित करेंगी। शुक्ला कार्यालय की गतिविधियों, “वार्तालाप” के उद्देश्यों, केंद्र सरकार की उपलब्धियों और समाचार पत्रों के पंजीकरण से संबंधित जानकारी साझा करेंगी। कार्यशाला के समापन सत्र में पत्रकारों के सुझाव लिए जाएंगे और 60 से अधिक मीडियाकर्मियों की भागीदारी होगी।

 

You May Also Like👇