March 12, 2026 1:31 pm

Search
Close this search box.

राजस्थान स्थापना दिवस पर होंगे भव्य आयोजन

👤 Mewar Express News
March 12, 2026

उदयपुर। राजस्थान स्थापना दिवस समारोह 2026 के उपलक्ष्य में झीलों की नगरी उदयपुर में 14 मार्च से 19 मार्च तक विभिन्न रंगारंग और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। जिला कलक्टर नमित मेहता ने इन कार्यक्रमों के सुचारू संचालन हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों को नोडल और सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

यह होंगे आयोजन

समारोह की शुरुआत स्वच्छता के संदेश के साथ होगी और समापन भव्य सांस्कृतिक संध्या व आतिशबाजी से किया जाएगा। 14 मार्च को सात दिवसीय स्वच्छता सप्ताह का भव्य शुभारंभ शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में किया जाएगा। 15 मार्च को विकसित राजस्थान रन और डिजिटल क्विज और कॉलेजों में निबंध व चित्रकारी प्रतियोगिताएं होंगी। टाउन हॉल में एक जिला-एक उत्पाद मेले का भी शुभारंभ होगा। 16 मार्च को राजस्थानी जनजातीय गौरव दिवस बनाया जाएगा। इसके तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में जनजातीय प्रतिनिधियों से संवाद, विकास कार्यों के शिलान्यास और जनजाति कला प्रदर्शनी का आयोजन होगा।

17 मार्च को युवा शक्ति और उद्योग संवाद के तहत रोजगार मेला, स्टार्टअप चर्चा और उद्योगपतियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। निजी क्षेत्र में चयनित युवाओं को रोजगार पत्र भी सौंपे जाएंगे। 18 मार्च को किसानों और पशुपालकों के साथ संवाद के साथ-साथ शाम को मांझी का घाट और जगदीश मंदिर सहित प्रमुख मंदिरों में भव्य महाआरती का आयोजन होगा। 19 मार्च को मुख्य समारोह और सांस्कृतिक संध्या होगी। मुख्य समारोह में लाभार्थियों के साथ संवाद और लाभ हस्तांतरण होगा। शाम को भारतीय लोक कला मण्डल में सांस्कृतिक संध्या सजेगी और शहर के प्रमुख चौराहों व सरकारी कार्यालयों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा।

प्रशासन ने तेज की तैयारियां

जिला कलक्टर ने सभी आयोजनों को सुचारू एवं गरिमामय ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) को इन सभी कार्यक्रमों का मुख्य समन्वयक नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही सभी आयोजनों के लिए नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए हैं। जिला कलक्टर ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे जनप्रतिनिधियों और आमजन की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें।

You May Also Like👇