उदयपुर। नवनियुक्त जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने शुक्रवार दोपहर बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, एसडीएम गिर्वा अवुला साइकृष्ण और प्रशिक्षु आईएएस सृष्टि डबास सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारियों और कलेक्ट्रेट स्टाफ ने उनकी गर्मजोशी से अगवानी की। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद श्री अग्रवाल ने प्रशासनिक अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट की और जिले की वर्तमान स्थिति तथा महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के बारे में संक्षिप्त जानकारी ली।
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुँचाना और विकास कार्यों में तेजी लाना उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा। उदयपुर की वैश्विक साख का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में उदयपुर पूरे राजस्थान की विशिष्ट पहचान है, जिसे न केवल कायम रखा जाएगा बल्कि इसे और अधिक ऊंचाईयों पर ले जाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।





