उदयपुर। उदयपुर में होने वाले क्रिकेट प्रतियोगिता में 20 हजार रु की गेंद उपयोग में ली जाएगी। इसे लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही है। उदयपुर में भारतीय क्रिकेट टीम से लेकर आईपीएल तक के कई खिलाड़ी भी यहां आ रहे हैं। यह जानकारी आयोजन अध्यक्ष सुनील लढ्ढा, आयोजन सचिव विवेक घई सहित उदयपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष लक्ष्यराजसिंह मेवाड़, यूडीसीए सचिव मनोज चौधरी, उदयपुर जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष महेन्द्र शर्मा, दीपक शर्मा एवं सीए मनीष अग्रवाल ने दी।
दीपक शर्मा ने बताया कि उदयपुर शहर में 21 से 28 फरवरी 2026 तक रॉकवुड्स ब्लेजिंग स्ट्राइकर क्रिकेट कप होने जा रहा है। उदयपुर के शिकारवाड़ी ग्राउंड पर टी-20 क्रिकेट कप में डे/नाइट (दिन-रात) के मुकाबले होंगे। इस टूर्नामेंट में अंतरराष्ट्रीय, आईपीएल और राज्य स्तरीय खिलाड़ी भाग लेंगे। इसमें प्रमुख रूप से भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी भुवनेश्वर कुमार, रवि बिश्नोई, ध्रुव जुरेल, पवन नेगी के साथ आईपीएल खिलाड़ी मंगेश यादव, शिवम सिंह, प्रियांश आर्य, आर्यन जोहेल, शुभम गड़वाल के आने की संभावना है।
आठ टीमें इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी :
विवेक घई ने बताया कि कुल 8 टीमें इस प्रतियोगिता में भाग लेगी और प्रत्येक टीम में 3 आईपीएल खिलाड़ी और 5 रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी होना अनिवार्य होगा। टीमों को दो समूहों में विभाजित किया जाएगा। प्रत्येक समूह में 4 टीमें शामिल होगी और प्रत्येक समूह से शीर्ष 2 टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। अंतरराष्ट्रीय मैचों में उपयोग ली जाने वाली कूकाबुरा गेंद से टूर्नामेंट खेले जाएंगे।
प्रतिदिन दो मैच खेले जाएंगे :
विवेक घई ने बताया कि यहां पर प्रतिदिन दो मैच होंगे। इसमें पहला मैच दिन में होगा और दूसरा
मैच नाइट में होगा। दूधिया रोशनी के बीच नाईट मैच को लेकर भी खास प्रबंध किए जाएंगे।
खिलाडियों को रंगीन ड्रेस (किट) देंगे:
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को रंगीन ड्रेस (किट) दिए जाएंगे। विजेता टीम को 10,00,000 (दस लाख) और उप विजेता टीम को 5,00,000 (पांच लाख) की पुरस्कार राशि दी जाएगी।





