उदयपुर। उदयपुर के फील्ड क्लब में 17 से 24 फरवरी तक पिम्स मेवाड़ कप 2026 के चौथे सीजन का आयोजन किया जाएगा। पिम्स सिटी हॉस्पिटल और सॉलिटेयर द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट की ट्रॉफी का अनावरण आज सॉलिटेयर बैंक्चेट में किया गया। इस मौके पर आशीष अग्रवाल, नमन अग्रवाल, विकास पुरोहित, शशांक सिंघवी और हिमांशु सिंह राजावत मौजूद रहे। टूर्नामेंट का उद्घाटन 17 फरवरी की सुबह पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया करेंगे।
इस प्रतियोगिता में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें ग्रुप ‘ए’ और ‘बी’ में बांटा गया है। 17 फरवरी से हर दिन दो मैच खेले जाएंगे और फाइनल मुकाबला 24 फरवरी को होगा। इस टूर्नामेंट का स्तर काफी बड़ा होगा क्योंकि इसमें 40 से ज्यादा आईपीएल खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा दिखाएंगे।
इस साल टूर्नामेंट की थीम ‘बोल्ड आउट कैंसर’ रखी गई है, जिसका उद्देश्य खेल के साथ-साथ कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाना है। नमन अग्रवाल ने बताया कि लीला फाउंडेशन के जरिए आने वाले सालों में ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए मुफ्त कैंसर जांच और इलाज की योजना बनाई जा रही है। उनका मानना है कि खेल समाज को जोड़ने और जागरूकता फैलाने का एक सशक्त माध्यम है।






