उदयपुर। शायराना परिवार द्वारा आगामी 24 मई को ऐश्वर्या कॉलेज के प्रांगण में एक भव्य और निःशुल्क संगीत समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
पिछले 15 वर्षों से संगीत और साहित्य की सेवा कर रहे इस शायराना परिवार के कार्यक्रम में इराक में भारत के सांस्कृतिक राजदूत डॉ धीरज प्रकाश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह की अध्यक्षता शिक्षाविद् डॉ सीमा सिंह करेंगी, जो दिग्गज कलाकार फयाज खान की संगत में अपनी गायकी की प्रस्तुति भी देंगी।
इस उत्सव में भजन, मुर्किया, ग़ज़ल, लोकगीत और फिल्मी गीतों के साथ-साथ वाद्य यंत्रों की भी शानदार प्रस्तुतियाँ होंगी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर देवस्थान विभाग की अतिरिक्त आयुक्त गीतेशश्री मालवीया, TRI सांख्यिकी निर्देशक सुधीर दवे और शहीद गाथा वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर मनोज आंचलिया मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर जूरी द्वारा श्रेष्ठ गायकों और कलाकारों का चयन कर उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा।
समारोह में उदयपुर के साथ-साथ डूंगरपुर, राजसमंद, भीलवाड़ा, चित्तौड़, कोटा, कांकरोली, प्रतापगढ़ और खेरवाड़ा जैसे कई जिलों के कलाकार हिस्सा लेने आ रहे हैं। कार्यक्रम प्रभारी ललित गोयल ने बताया कि युवाओं में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह है। कार्यक्रम समन्वयक आभा सिरसीकर के अनुसार, इस बार महिलाओं के लिए लता आशा स्पेशल युगल गीत प्रतियोगिता भी रखी गई है। प्रतियोगिता के अलावा आम जन भी अपनी कला का प्रदर्शन कर सकेंगे और आगामी म्यूजिक फेस्टिवल की जानकारी भी दी जाएगी।
कार्यक्रम में प्रवेश के लिए निःशुल्क पंजीकरण अनिवार्य है और प्रवेश सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जबकि 10.45 के बाद प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। कलाकारों को प्रस्तुति का अवसर पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा। समारोह के दौरान संगीत के अनुभवी विशेषज्ञों द्वारा युवाओं को गायन और संगीत की बारीकियों से भी अवगत कराया जाएगा, ताकि उन्हें इस क्षेत्र में आगे बढ़ने का सही मार्गदर्शन मिल सके।







