उदयपुर। भारती एयरटेल ने उदयपुर में अपनी नई ‘प्रायोरिटी पोस्टपेड सेवा’ शुरू करने का एलान किया है। यह नई सर्विस आधुनिक 5जी स्लाइसिंग टेक्नोलॉजी पर काम करती है, जिससे पोस्टपेड ग्राहकों को पहले से कहीं ज्यादा मजबूत और बेहतर नेटवर्क मिलेगा। यह सेवा खासतौर पर उन लोगों के लिए बनाई गई है जो अपने जरूरी काम, मनोरंजन या ऑनलाइन मीटिंग्स के लिए लगातार इंटरनेट कनेक्टिविटी पर निर्भर रहते हैं।
इस खास सर्विस को देने के लिए एयरटेल ने अपने 5जी नेटवर्क को नेटवर्क स्लाइसिंग तकनीक से जोड़ा है। यह तकनीक नेटवर्क को ज्यादा समझदार और असरदार बनाती है। इससे नेटवर्क की क्षमता बढ़ जाती है, जिससे प्रायोरिटी ग्राहकों को बिना किसी रुकावट के इंटरनेट का बेहतरीन अनुभव मिलता है।
इस लॉन्चिंग के मौके पर एयरटेल इंडिया के एमडी और सीईओ शाश्वत शर्मा ने कहा कि एयरटेल का हमेशा से यही मकसद रहा है कि ग्राहकों की सहूलियत के लिए सही समाधान लाए जाएं। 5जी स्लाइसिंग तकनीक से चलने वाली यह प्रायोरिटी पोस्टपेड सेवा ग्राहकों को तेज और भरोसेमंद नेटवर्क देगी। अब ग्राहक चाहे ट्रैफिक में फंसे हों, किसी भीड़ वाले कॉन्सर्ट में वीडियो देख रहे हों या किसी व्यस्त बाजार में कैब बुक कर रहे हों, उन्हें बिना किसी बाधा के इंटरनेट मिलता रहेगा।







