April 29, 2026 12:15 pm

Search
Close this search box.

दस दिवसीय शिल्पग्राम उत्सव का उदयपुर में भव्य आगाज

👤 Mewar Express News
December 21, 2025

उदयपुर। शिल्पग्राम में रविवार को दस दिवसीय ‘शिल्पग्राम उत्सव’ का शानदार आगाज हुआ। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलित कर और नगाड़ा बजाकर इस सांस्कृतिक मेले की शुरुआत की। इस अवसर पर राज्यपाल बागडे ने कहा कि लोक कला में स्वाभाविकता होती है और यह जीवन का असली प्रकाश है। उन्होंने नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने और बच्चों को कला की शिक्षा देने पर जोर दिया। समारोह में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए, जिन्होंने इस आयोजन को ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का जीवंत उदाहरण बताया।

समारोह के दौरान लोक कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. कोमल कोठारी स्मृति लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किए गए। इस वर्ष यह सम्मान राजकोट के डॉ. निरंजन वल्लभभाई राज्यगुरु और जयपुर के रामनाथ चौधरी को दिया गया। पुरस्कार के रूप में प्रत्येक कलाकार को 2.51 लाख रुपये और रजत पट्टिका भेंट की गई। रामनाथ चौधरी दुनिया के एकमात्र ऐसे कलाकार हैं जो नाक से अलगोजा बजाते हैं, वहीं डॉ. राज्यगुरु ने लोक और भक्ति संगीत के संरक्षण के लिए व्यापक कार्य किया है। कार्यक्रम में उदयपुर के सांसद मन्नालाल रावत, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया सहित कई विधायक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह में देशभर की लोक संस्कृतियों का अद्भुत संगम देखने को मिला। दिल्ली के कोरियोग्राफर सुशील शर्मा के निर्देशन में गोवा, मणिपुर, कश्मीर, कर्नाटक और राजस्थान सहित कई राज्यों के लोक नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। विशेष आकर्षण ‘कथक और लावणी’ का फ्यूजन रहा, जिसमें शास्त्रीय और लोक नृत्य की जुगलबंदी ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही राजस्थानी लोक गीतों के मेडले ने अपनी मूल शैली और सुरीली प्रस्तुति से संगीत प्रेमियों की खूब तालियां बटोरीं। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक फुरकान खान ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

You May Also Like👇