उदयपुर। अर्बन स्क्वायर मॉल में जनजातीय कार्य मंत्रालय के ट्राइफेड द्वारा ‘आदि बाजार’ का आयोजन किया जा रहा है। भूमिका ग्रुप के सहयोग से चलने वाला यह मेला 26 अप्रैल तक रोजाना दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक खुला रहेगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जनजातीय कलाकारों की पारंपरिक हस्तकला और संस्कृति को बढ़ावा देना है। इसमें देशभर के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए एकत्रित हुए हैं।
इस बाजार में ट्राइबल ज्वेलरी, मांडना पेंटिंग, हाथ से बुने कपड़े, कांथा और शिबोरी आर्ट के साथ-साथ कई हस्तशिल्प वस्तुएं बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। ट्राइफेड से राहुल कुमार ने बताया कि इस मंच के जरिए जनजातीय कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों को सीधे ग्राहकों से जुड़ने और अपनी मेहनत का उचित मूल्य पाने का मौका मिलता है। यह मेला कलाकारों की आजीविका को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मेले के दौरान शाम के समय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का विशेष आयोजन होगा, जिसमें देवारिया, भवई, कालबेलिया, तेरह ताली और गोरबंद जैसे प्रसिद्ध लोक नृत्य पेश किए जाएंगे। भूमिका एंटरप्राइजेज की सीईओ नंदिनी तनेजा के अनुसार, यह आयोजन शहरवासियों को देश की समृद्ध जनजातीय विरासत को करीब से समझने और कलाकारों को प्रोत्साहित करने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान करता है।







