उदयपुर। गर्मी की छुट्टियों में पर्यटक आम तौर पर कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड और हिमालय के हिल स्टेशन और ठंडी जगहों पर जाना पसंद करते है। राजस्थान जैसे प्रदेश में आम तौर पर सर्दियों में आना पसंद करते है। अभी प्रदेश में टूरिज्म का ऑफ सीज़न है।
झुलसती गर्मी में प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की चहल पहल को कायम रखने के मकसद से पर्यटन विभाग ने समर टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए उदयपुर की खूबसूरती को सपनों की दुनिया के रूप में प्रोजेक्ट किया है। समर टूरिज्म कैंपेन में बताया गया है की औरज ढलते ही लेकसिटी एक जादुई नगरी में तब्दील हो जाती है। जब महलो की सुनहरी रौशनी शांत झील के पानी में प्रतिबिंबित होती है तो वह नज़ारा सैलानियों को सम्मोहित कर देता है।
समर टूरिज्म में उदयपुर के अलावा जहाँ जोधपुर के ऐतिहासिक नीले रंग में रंगे घरो, मेहरानगढ़ किले की भव्यता, जसवंत थड़ा की शांति, जयपुर के आमेर फोर्ट, अल्बर्ट हॉल, हवामहल जैसे स्थलों की ब्रांडिंग की जा रही है वहीँ अजमेर के पुष्कर सरोवर और राजसमंद के कुम्भलगढ़ किले को समर कैंपेन में शामिल किया गया है।







