उदयपुर। संगीत और साहित्य की सेवा कर रहे शायराना उदयपुर परिवार द्वारा राज्य स्तरीय संगीत समारोह का आयोजन ऐश्वर्या कॉलेज प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व अतिरिक्त जिला कलक्टर दिनेश कोठारी थे। समारोह की विशिष्ट अतिथि के रूप में निर्णायक रामकृष्ण बॉस, देवयानी सेनगुप्ता, आभा सिरसीकर, प्रशांत कुमार और मनोज पोरवाल उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्रबन्ध निदेशक सीमा सिंह ने की।
संगीत प्रतियोगिता के प्रभारी मनीष जोशी के अनुसार, इस आयोजन में बॉम्बे, राजसमन्द, भीलवाड़ा, चित्तौड़, कोटा और प्रतापगढ़ जैसे विभिन्न जिलों से आए 60 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में गायकों ने गजल, फिल्मी गीत, शास्त्रीय गायन और वाद्य यंत्रों के साथ अपनी कला का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले के बाद हेमराज गंधर्व प्रतियोगिता के सिरमौर गायक बने, जबकि महेंद्र कुमावत ने द्वितीय और शिक्षाविद प्रेमलता शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को ट्रॉफी, टीशर्ट, पगड़ी और संस्था की सदस्यता प्रदान की गई।
समारोह का मुख्य आकर्षण निर्णायकों की विशेष प्रस्तुतियां रहीं। राष्ट्रीय संगीतकार पंडित राम कृष्ण बोस ने स्वनिर्मित संतूर वादन और राग मालकोश पर आधारित गायन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। निर्णायक देवयानी सेनगुप्ता ने रवींद्रनाथ टैगोर का भजन और आभा सिरसीकर ने भक्ति रस के भजन प्रस्तुत किए। सीमा सिंह ने संगीतकार फ़य्याज खा की संगत में गजलें पेश कीं। वहीं, प्रसिद्ध गजल गायक देवेंद्र सिंह हिरण और बॉम्बे से आए मनोज पोरवाल ने प्रतिभागियों को संगीत की बारीकियों और गायकी के सूक्ष्म गुण सिखाए।
कार्यक्रम का संचालन प्रेमलता शर्मा और वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर मनोज आंचलिया ने शायरी और छंदों के साथ प्रभावशाली ढंग से किया। इस अवसर पर ब्रज मोहन वशिष्ठ, देवेंद्र साहू, दिव्यानी शर्मा, निशित चापलोत, ललित गोयल, मंजूर हुसैन, मनीष व्यास, लोकेश वैष्णव, हेमंत सूर्यवंशी, संतोष अग्रवाल, महेंद्र कुमावत, नीलम कौशल, नरेश पवार, सी पी गंधर्व, पंकज वीरवाल, एच डी कौशल, योगेश भट्ट, ओम प्रकाश भट्ट, अनिल नेभनानी, विष्णु वैष्णव, अशोक परनामी और सीमा वेद ने अपनी गायकी से दर्शकों की वाहवाही लूटी।
समारोह के दौरान मनोज आंचलिया और सीमा वेद ने प्रतिभागियों को 21000 फीट कपड़े पर लिखे भारत के आजादी के इतिहास और गुमनाम शहीदों की वीर गाथा के बारे में भी जानकारी दी। अंत में कार्यक्रम समन्वयक ललित गोयल ने सभी का आभार व्यक्त किया। आयोजन में शामिल हुए सभी संगीत प्रेमियों के उत्साह ने पूरे सभागार को उमंग से भर दिया।







