उदयपुर। हिन्दुस्तान जिंक ने नेशनल स्टार्टअप डे पर डिजिटल नवाचार पर कार्यरत टेक्नोलॉजी और इनोवेशन स्टार्टअप्स को सम्मानित किया। इस अवसर पर कंपनी ने रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ब्लॉकचेन और इंडस्ट्रियल इंटरनेट ऑफ थिंग्स जैसी विभिन्न नई तकनीकों को अपने संचालन में शामिल करने की जानकारी दी।
सम्मान समारोह में हिन्दुस्तान जिंक के सीईओ अरुण मिश्रा ने कई स्टार्टअप्स को आमंत्रित कर उनके नवाचारों की प्रदर्शनी की। इससे पहले, कंपनी ने एक स्टार्टअप मेंटरिंग प्रोग्राम की योजना की घोषणा की, जिसका उद्देश्य विनिर्माण क्षेत्र में अधिक जानकारी हासिल करना और स्टार्टअप्स को आगे बढ़ाना है। इस अवसर पर इनफिनिट अपटाइम, रिपिक.एआई जैसे आठ स्टार्टअप्स को सम्मानित किया गया।
वर्तमान में हिन्दुस्तान जिंक 60 से अधिक परियोजनाओं पर 40 से ज्यादा टेक स्टार्टअप्स के साथ काम कर रही है। इसके साथ ही वेदांता स्पार्क के माध्यम से 50 नए स्टार्टअप्स को जोड़ा जा रहा है। यह कार्यक्रम नवाचार के माध्यम से महत्वपूर्ण व्यावसायिक चुनौतियों का समाधान करते हुए उच्च संभावित अवसरों को अनलॉक करने पर केंद्रित है।
सीईओ अरुण मिश्रा ने कहा कि, भारत का स्टार्टअप इकोसिस्टम आज के नवाचारों की प्रेरक शक्ति है। हिन्दुस्तान जिंक में नवीनतम तकनीकों में हमारा निवेश हमें निरंतर परिचालन क्षमता सुनिश्चित करने में सक्षम बनाता है। इस प्रकार, हम एक सस्टेनेबल भविष्य के लिए मेटल इकोनॉमी के अनुरूप एक मजबूत इकोसिस्टम विकसित कर रहे हैं।







