February 4, 2026 6:06 am

Search
Close this search box.

बांसवाड़ा में तीन दिवसीय माही टॉक फेस्ट 4.0 का आगाज

👤 Mewar Express News
January 23, 2026

उदयपुर। बांसवाड़ा के गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय और विश्व संवाद केन्द्र उदयपुर के सहयोग से ‘माही टॉक फेस्ट 4.0’ की शुरुआत की गई है। इस फेस्ट के तहत जिले में पहली बार नेशनल बुक ट्रस्ट (NBT) का पुस्तक मेला और संविधान प्रदर्शनी लगाई गई है। इसका उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. केशव सिंह ठाकुर ने किया। उन्होंने स्टॉलों का अवलोकन कर ऑनलाइन भुगतान के जरिए किताबें खरीदीं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि किताबें ज्ञान की धरोहर हैं जो युवाओं के चरित्र निर्माण और राष्ट्र के विकास में अहम भूमिका निभाती हैं, इसलिए युवाओं में पढ़ने की आदत विकसित करना बहुत जरूरी है।
तीन दिन तक चलने वाले इस मेले में इतिहास, संस्कृति, शिक्षा और संविधान जैसे विषयों पर 500 से अधिक टाइटल और 2000 से ज्यादा किताबें उपलब्ध कराई गई हैं। कार्यक्रम में रजिस्ट्रार कश्मी कौर, प्रो. राजेश जोशी सहित कई शिक्षाविद और छात्र मौजूद रहे। फेस्ट का औपचारिक उद्घाटन सत्र 24 जनवरी को सुबह 10 बजे होगा, जिसमें मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर डॉ. इन्द्रजीत यादव होंगे। शनिवार को प्रो. एन.के. पाण्डेय लोक साहित्य पर और प्रो. अमिताभ श्रीवास्तव कम्यूनिटी रेडियो पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा ‘काकोरी’ शॉर्ट फिल्म, मलखंभ प्रदर्शन और रानी अबक्का पर नाटक का मंचन विशेष आकर्षण रहेगा।
“एकात्म भारत” की थीम पर हो रहे इस फेस्ट के आखिरी दिन 25 जनवरी को रील्स मेकिंग प्रतियोगिता, रीडिंग वर्कशॉप और वंदे मातरम् के 150 वर्ष पर विशेष चर्चा होगी। फेस्ट का समापन सत्र 25 जनवरी को दोपहर 12.30 बजे आयोजित किया जाएगा। इस सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक निंबाराम शामिल होंगे, जो ‘राष्ट्र साधना के 100 वर्ष’ विषय पर अपना संबोधन देंगे। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्टोरीटेलिंग का भी आयोजन किया जाएगा।

You May Also Like👇