उदयपुर। महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउण्डेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने फाउण्डेशन के 42वें सम्मान समारोह में मानव मूल्यों की विशिष्ट विभूतियों और देश के भविष्य प्रतिभावान विद्यार्थियों को अलकृत किया।
इसके साथ ही अपने पिता की स्मृतियों और आदर्शों को यादगार बनाने के लिए ‘महाराणा अरविंद सिंह मेवाड़ अलंकरण’ की घोषणा करते हुए राष्ट्रीय स्तर के एक नये अलंकरण का भी शुभारंभ किया।
देश-विदेश से सम्मानित होने आये महानुभावों का डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने पुष्प-हार से स्वागत किया। समारोह में सबसे पहले विद्यार्थियों को सम्मान के लिए आमंत्रित कर कुल 81 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय स्तर का कर्नल जेम्स टॉड सम्मान डॉ. मॉली एम्मा एटकिन, अमेरिका को प्रदान किया गया, वे भारतीय लघुचित्र परंपरा, विशेषतः मेवाड़ एवं राजपूत दरबारी चित्रकला की अग्रणी विदुषी हैं।
राष्ट्रीय स्तर का हल्दीघाटी सम्मान वरिष्ठ पत्रकार कमलेश किशोर सिंह को प्रदान किया गया। कमलेश किशोर भारतीय मीडिया जगत में तीन दशकों से सक्रिय हैं। डिजिटल पत्रकारिता में लोकप्रिय पॉडकास्ट तीन ताल में ‘ताऊ के रूप में उनकी उपस्थिति व्यापक जनसमूह को समसामयिक विषयों पर गंभीर चिंतन के लिए प्रेरित करती है।
हकीम खां सूर सम्मान इस वर्ष भारतीय वायुसेना के स्क्वाड्रन लीडर रिज़वान मलिक, वीआरसी को प्रदान किया गया। स्क्वाड्रन लीडर रिज़वान मलिक, वीआरसी, भारतीय वायुसेना के सेवारत अधिकारी हैं और वर्ष 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान प्रदर्शित असाधारण वीरता के लिए वीर चक्र से अलंकृत किए गए हैं।
इस वर्ष पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान हेतु श्री मरिमुथु योगनाथन को महाराणा उदय सिंह सम्मान से सम्मानित किया गया, जिन्हें देशभर में ‘ट्री मैन ऑफ इंडिया’ के नाम से जाना जाता है।
निर्धारित दायित्व सीमा से ऊपर उठकर किए गए कार्य के लिए दिया जाने वाला इस वर्ष का पन्नाधाय सम्मान, वर्ष 2017 में 35,000 फीट की ऊँचाई पर एक आपातकालीन प्रसव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने वाले जेट एयरवेज़ की फ्लाइट 9डब्ल्यू 569 के समर्पित क्रू सदस्यों को सामूहिक रूप से प्रदान किये गये।
मेवाड़ की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठित करने वाले मेवाड़ के 76वें वंशधर के सम्मान में, इस वर्ष के प्रथम “महाराणा अरविंद सिंह मेवाड़ अलंकरण” से द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुनीत चटवाल को भारत के पर्यटन क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट नेतृत्व तथा योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
राजस्य स्तरीय सम्मान में इस वर्ष महर्षि हारीत राशि सम्मान से वेदमूर्ति देवव्रत महेश रेखे को सम्मानित किया गया।
समाज में शैक्षिक, चारित्रिक, नैतिक, सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान हेतु स्थायी मूल्य की सेवाओं के लिए इस वर्ष का महाराणा मेवाड़ सम्मान भारत की प्रथम ट्रांसजेंडर महिला सब-इंस्पेक्टर ऑफ पुलिस के. पृथिका याशिनी तथा सीनियर जर्नलिस्ट भुवनेश जैन को प्रदान किया गया।
जयपुर में पदस्थापित वर्तमान में पत्रिका समूह के डिप्टी एडिटर भुवनेश जैन पिछले 41 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय राजनीतिक, सामाजिक विषयों, नगरीय विकास, अपराध, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि विषयों पर अपनी खास पकड़ रखते हैं, दो दशकों से अधिक की संपादकीय नेतृत्व भूमिका, सार्क एवं जी-20 शिखर सम्मेलनों की कवरेज तथा प्रभावशाली स्तंभ लेखन के माध्यम से उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
भारतीय संस्कृति, साहित्य एवं इतिहास के क्षेत्र में महाराणा कुम्भा सम्मान उदयपुर के प्रख्यात हिन्दी एवं राजस्थानी साहित्यकार तरुण कुमार दाधीच को प्रदान किया गया।
ललित कला के क्षेत्र में महाराणा सज्जनसिंह सम्मान अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सैंड आर्टिस्ट अजय रावत को प्रदान किया गया।
संगीत के क्षेत्र में दिया जाने वाला डागर घराना सम्मान पद्म विभूषण से अलंकृत हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत के प्रख्यात बाँसुरी वादक पंडित हरिप्रसाद चौरसिया को प्रदान किया गया।
आदिवासी समाज के उत्थान हेतु राणा पूंजा सम्मान मांडना कलाकार डिंपल चण्डात को प्रदान किया गया। वे जनजातीय मांडना कला के संरक्षण एवं प्रलेखन हेतु समर्पित हैं।
राज्य के खिलाड़ियों को दिए जाने वाले अरावली सम्मान से राम रतन जाट एवं अवनि लेखरा को अलंकृत किया गया।
अवनि लेखरा ने गंभीर स्पाइनल कॉर्ड चोट के बावजूद पैरा शूटिंग में अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई। टोक्यो पैरालंपिक 2020 में उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण तथा 50 मीटर राइफल 3 पोज़िशन में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा। वे एक ही पैरालंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं तथा भारत सरकार द्वारा 2022 में पद्म श्री से सम्मानित की गईं।
इस वर्ष महाराणा मेवाड़ फाउण्डेशन के राज्य स्तरीय ‘महाराणा मेवाड़ विशेष सम्मान’ राजस्थान के बेस्ट पुलिस थाना सूरतगढ़ शहर और उदयपुर के राजेश वैष्णव को, मेवाड़ की 500 वर्ष पुरानी पवित्र जल सांझी परंपरा के संरक्षण हेतु प्रदान किया गया।
समारोह का समापन मोहलक्षिका कुमारी मेवाड़ के आभार-धन्यवाद से हुआ।







