उदयपुर। कोटा के राधिका रिसोर्ट में शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें पुरस्कार राशि 45,000 रुपये रखी गई है। इस टूर्नामेंट में राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित उदयपुर, कोटा, भरतपुर, बारां, बूंदी, करौली, भीलवाड़ा, सवाई माधोपुर, झालावाड़, राजसमंद और चित्तौड़गढ़ के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में कुल 120 खिलाड़ी शामिल हुए हैं, जिनमें 45 अंतरराष्ट्रीय फीडे रेटेड खिलाड़ी अपनी चालों का जादू दिखाएंगे।
उदयपुर से खिलाड़ियों का एक दल इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कोटा पहुँच चुका है। इनमें प्रथम वरीयता प्राप्त अंतरराष्ट्रीय फीडे रेटेड खिलाड़ी प्रवीण कोठारी (रेटिंग 2123), प्रणय लसोड (रेटिंग 1851) और सुधाकर (रेटिंग 1665) शामिल हैं। इनके साथ ही कम उम्र के प्रतिभावान खिलाड़ी युवराज सिंह राजपूत, शिवांश वाधवानी, प्राख्या और दमयन्ती पटेल भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इसी बीच, उदयपुर जिला शतरंज संघ की अध्यक्ष अदिती कोठारी ने दावा किया है न्यायालय ने पुराने मामले में उनकी रिट याचिका पर सुनवाई करते हुए स्टे के प्रार्थना पत्र को स्वीकार कर लिया है और कोर्ट ने पुराने आदेश पर रोक लगा दी है।







