उदयपुर। निसान मोटर इंडिया ने 5.65 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर अपनी नई 7-सीटर एमपीवी ‘ग्रेवाइट’ को उदयपुर में भव्य लॉन्च किया। ‘मेड इन इंडिया, मेड फॉर इंडिया’ की तर्ज पर बनी यह गाड़ी भारत में कंपनी के नए सफर और मजबूत इरादों को दर्शाती है। निसान के एम डी सौरभ वत्स ने बताया कि इस कार को खास तौर पर भारतीय परिवारों की जरूरतों और महत्वाकांक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसका नाम और डिजाइन भारत की विविधता से प्रेरित है, जो सड़क पर एक अलग और मजबूत पहचान बनाता है।
ग्रेवाइट का लुक काफी आकर्षक है, जिसमें एलईडी हेडलैम्प, हाई ग्राउंड क्लीयरेंस और स्टाइलिश ग्रिल शामिल हैं। इसके अंदर काफी जगह दी गई है और सीटों को जरूरत के हिसाब से 2 से लेकर 7 लोगों के बैठने के लिए बदला जा सकता है। तीसरी लाइन की सीटें हटाने पर इसमें 625 लीटर का बड़ा बूट स्पेस (सामान रखने की जगह) बन जाता है। यात्रियों के आराम के लिए इसमें तीनों लाइनों में एसी वेंट्स, प्रीमियम सीटें, वायरलेस चार्जर और वायरलेस कनेक्टिविटी वाला 20.32 सेंटीमीटर का टचस्क्रीन सिस्टम दिया गया है।
कंपनी के मिडिल ईस्ट प्रेसिडेंट थियरी सबाग ने कहा कि सुरक्षा के मामले में यह गाड़ी काफी मजबूत है, जिसमें सभी के लिए 6 एयरबैग्स, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल और हिल-स्टार्ट असिस्ट जैसे 30 से ज्यादा सेफ्टी फीचर्स स्टैंडर्ड तौर पर मिलते हैं। इसमें 1.0 लीटर का पेट्रोल इंजन लगा है जो मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आता है और लगभग 19.6 किमी/लीटर तक का माइलेज देता है। इसके अलावा, एक स्पेशल लिमिटेड एडिशन भी पेश किया गया है जिसमें जेबीएल स्पीकर्स और डैश कैम जैसी सुविधाएं हैं।






